मौसम ने मिजाज बदला, ठंड से मिली कुछ राहत (राउंडअप)
सोमवार की सुबह हुई हल्की बूंदाबादी के कारण पिछले कई दिनों से राजधानी दिल्ली के ऊपर छाया कोहरा छंट गया। तापमान बढ़ने से ठंड से ठिठुरती दिल्ली ने काफी राहत महसूस की।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना जताई है। दिल्ली में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। निम्नतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह आंकड़ा आमतौर पर इस समय होने वाली बारिश से थोड़ा ऊपर है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले हफ्ते पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
सफदरजंग मौसम विज्ञान कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, "जम्मू में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों में बारिश हुई। इनके एक या दो दिन तक बने रहने की संभावना है और हम दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी की उम्मीद कर सकते हैं।"
दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय पर्यटक स्थल मनाली में सोमवार तड़के भारी हिमपात के कारण तापमान काफी नीचे आ गया। यहां तीन से चार इंच हिमपात दर्ज किया गया।
यहां मौसम विभाग कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "मनाली और इसके आसपास के इलाकों में सोमवार तड़के भारी हिमपात हुआ। शहर में इस मौसम का यह पहला भारी हिमपात था।"
सिंह ने बताया, "मनाली में तीन से चार इंच हिमपात दर्ज किया गया।" हालांकि मनाली में मौसम का पहला हिमपात रविवार को ही हो गया था, लेकिन यह हल्का था और थोड़े ही समय में पिघल गया।
लाहौल व स्पीति जिले के मुख्य मार्ग रोहतांग दर्रा के अलावा सोलांग घाटी, कोठी, पीर पंजाल, बृघु की ढलानों, कुल्लू जिले के चंद्रखानी व हमता दर्रो में भी भारी हिमपात हुआ। तापमान में गिरावट के बाद मनाली के ऊपरी इलाकों में बर्फीली हवाओं का कहर लगातार बना हुआ है।
उत्तरप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी शीतलहर और कोहरे से सोमवार को थोड़ी राहत मिली। सुबह से ही धूप निकल जाने के कारण लोग घरों से बाहर निकलकर घूमते-फिरते नजर आए। मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटे में ठंड में कमी की संभावना जताई है।
उधर, शुक्रवार से जारी शीतलहर से प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर पिछले 48 घंटों में 39 लोगों की मौत की खबर है। ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए शासन ने राज्य के सभी जिलों में सात जनवरी तक विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया है।
सोमवार सुबह घना कोहरा तो छाया रहा लेकिन एक बजे के बाद तेज धूप खिल गई। प्रदेश में आगरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां 5.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा लखनऊ में 6.8 रायबरेली में 6.9, इलाहाबाद में 7.0 और गोरखपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बिहार में कड़ाके की ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। इससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड के कारण राज्य के कई जिलों में विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
पटना मौसम विभाग के प्रभारी निदेशक एस़ आई़ लश्कर ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि पटना का न्यूनतम तापमान 9़.3 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्यप्रदेश में हवाओं के दक्षिणी रुख ने मौसम का मिजाज ही बदल दिया है। आलम यह कि रातें तो ठंडी हैं मगर दिन में धूप की तेजी सताने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिन तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा।
राज्य के ग्वालियर चंबल अंचल के अलावा शेष हिस्से में ठंड का ज्यादा असर नहीं है। भोपाल में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11़.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में अधिकतम 16.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.6 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर में अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस तथा इंदौर में अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications