पशुपतिनाथ विवाद : कोइराला ने भारतीय पुजारियों को बहाल करने को कहा
काठमांडू, 5 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर से भारतीय पुजारियों को हटाने के मामले से पैदा हुए विवाद को लेकर माओवादी सरकार देश के भीतर और बाहर भयंकर दबाव में है। पूर्व प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने सोमवार को भारतीय पुजारियों को बहाल करने को कहा है।
कोइराला ने सोमवार को प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' से मुलाकात करके मुख्य पुजारी महाबलेश्वर भट्ट और उनके सहयोगियों को बहाल करने को कहा है। इन लोगों को आठ वर्ष पहले कर्नाटक से बुलाकर पशुपतिनाथ मंदिर में नियुक्त किया गया था।
उल्लेखनीय है कि नेपाल के संस्कृति मंत्री गोपाल किरांती ने रविवार को स्पष्ट किया था कि पुजारियों को बहाल नहीं किया जाएगा, क्योंकि उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है।
कोइराल और प्रचंड की बैठक भारत के पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव के नेपाल दौरे के बाद हुई। यादव नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव के व्यक्तिगत निमंत्रण पर दो दिन के दौरे पर नेपाल पहुंचे थे।
सोमवार को भारत रवाना होने से पहले मुलायम सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में मंदिर विवाद पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि इसके कारण वे मंदिर में जाने की अपनी इच्छा को अधूरा छोड़ कर वापस लौट रहे हैं।
प्रचंड ने इस मामले पर सोमवार को राष्ट्रपति से भेंट कर चर्चा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications