उमर बने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री, ताराचंद बने उपमुख्यमंत्री (लीड-3)
स्थानीय जोरावर सिंह सभागार में राज्यपाल एन. एन. वोहरा ने उमर समेत उनकी मंत्रिपरिषद के 10 सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। उमर मंत्रिपरिषद में पांच सदस्य नेकां और पांच सदस्य कांग्रेस के हैं।
सफेद पजामे के ऊपर काले रंग की शेरवानी पहने उमर ने जब अंग्रेजी में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो हजारों की तादाद में वहां मौजूद लोगों ने उनके समर्थन में तालियां बजाइर्ं और जमकर नारेबाजी की। उमर को शपथ लेते देखने के लिए उनकी पत्नी, दोनों बच्चे जहीर और जमीर व पिता फारुक अब्दुल्ला भी पहुंचे।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष मेहबूबा मुफ्ती समेत कई जानी-मानी हस्तियां भी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंची।
उमर के तत्काल बाद कांग्रेस के ताराचंद ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्य में नेकां-कांग्रेस की गठबंधन सरकार बनी है।
कांग्रेस के ताराचंद और शामलाल को छोड़ दिया जाए तो जिन विधायकों को मंत्री बनाया गया है वे सभी पूर्व सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। नेकां के अब्दुर रहीम राठेर, अली मोहम्मद सागर, मियां अल्ताफ और सुरजीत सिंह सलाथिया को मंत्री बनाया गया है जबकि कांग्रेस के पीरजादा मोहम्मद सईद और रिगझिन जोरा को मंत्री बनाया गया है।
उमर जम्मू-कश्मीर के सबसे युवा मुख्यमंत्री हैं। साथ ही राज्य की कमान संभालने वाले वे शेख अब्दुल्ला और फारुक अब्दुल्ला के बाद अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी के सदस्य हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य विधानसभा के लिए हालिया दिनों में संपन्न चुनाव में नेकां सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। उसने 28 सीटों पर विजय प्राप्त की जबकि 87 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस को 17 सीटें मिली थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications