झारखंड में ललित मेहता हत्याकांड के आरोपी समेत 2 की हत्या (लीड-1)
पहली घटना पलामू जिले की है जहां भारतीय कम्यूनिस्ट पाटी (माओवादी) के संदिग्ध नक्सलियों ने राजू सिंह की रविवार रात हत्या कर दी। वह पलामू जिले के 10 से ज्यादा मामलों में भी आरोपी था।
पलामू जिले के पुलिस अधीक्षक उदयन सिंह ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने राजू का शव छतरपुर थाना के तेलाड़ी मोड़ से बरामद किया। उन्होंने बताया कि शव के पास से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का एक पर्चा भी बरामद किया गया है, जिसमें इस संगठन ने राजू सिंह की हत्या की जिम्मेवारी ली है।
ललित मेहता एक समाजिक संगठन से जुड़े हुए थे। 14 मई 2008 को पलामू जिले के विश्रामपुर थाने की कंडा घाटी में उस समय उनकी हत्या कर दी गई थी जब वे छतरपुर जा रहे थे।
दूसरी घटना में भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (माओवादी) के संदिग्ध नक्सलियों ने जमशेदपुर जिले के घाटशिला में धनीश किसकू नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
किसकू ग्रामीण सुरक्षा समिति (वीडीसी) के सचिव थे। उल्लखेनीय है कि वीडीसी का गठन नक्सलियों से लड़ने के लिए किया गया है।
गौरतलब है कि राज्य के कुल 24 जिलों में से 18 नक्सल प्रभावित हैं। पिछले सात वर्षो के दौरान झारखंड में लगभग 1,400 लोग नक्सली हिंसा की वजह से मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।