भारत ने मुंबई हमलों से जुड़े सबूत पाक को सौंपे (लीड-1)
नई दिल्ली, 5 जनवरी (आईएएनएस)। भारत ने मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों में पाकिस्तानी आतंकवादियों का हाथ होने संबंधी सबूत सोमवार को पाकिस्तान को सौंप दिए और उसके यहां मौजूद आतंकवादी ढांचे को खत्म करने के उस पर अंतर्राष्ट्रीय दबाव बढ़ाने का प्रयास किया।
विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने सोमवार सुबह संवाददाताओं को बताया, "हमने मुंबई पर हमला करने वाले आतंकवादियों और पाकिस्तानी तत्वों के बीच संबंधों के सबूत सोमवार को पाकिस्तान के हवाले कर दिए।"
विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त शाहिद मलिक को 26 दिसम्बर को मुंबई पर हुए आतंकवादी हमलों का संबंध पाकिस्तानी तत्वों से होने संबंधी सबूत सौंप दिए।
पाकिस्तान को सौंपे गए सबूतों में मुंबई हमलों के दौरान जीवित पकड़े गए एकमात्र पाकिस्तानी आतंकवादी मोहम्मद अजमल कसाब से पूछताछ के दौरान मिली सामग्री, मुंबई हमले के दौरान आतंकवादियों के पाकिस्तानी तत्वों से संपर्क का ब्यौरा शामिल है।
इन सबूतों में मुंबई हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों के कब्जे से पकड़े गए हथियार एवं उपकरण और अन्य सामान तथा जीपीएस और सेटेलाइट फोन से बरामद आंकड़े शािमल हैं।
श्री मुखर्जी ने कहा, "हम चाहते हैं कि पाकिस्तान सरकार अपने देश में इस जांच को तेजी से आगे बढ़ाए और हमलावरों को कानून के शिकंजे में लाने के लिए जांच के नतीजों से हमें अवगत कराए।"
उन्होंने कहा, "हम यह भी उम्मीद करते हैं कि पाकिस्तान अपनी धरती से किसी भी प्रकार के आतंकवाद को रोकने के लिए व्यक्त की गई द्विपक्षीय, बहुपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धताएं पूरी करेगा।"
मुखर्जी ने कहा कि पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाने के प्रयासों के तहत उन्होंने दुनिया भर के देशों के विदेश मंत्रियों को उन सबूतों की लिखित जानकारी भेजी है।
विदेश मंत्रालय अगले 24 घंटों में दूतावासों के अध्यक्षों को भी मुंबई हमले और उसके पीछे पाकिस्तान में मौजूद तत्वों के हाथ होने के बारे में जानकारी देगा। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारतीय राजदूत भी संबद्ध देशों की सरकारों को इस बारे में जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा, "मुंबई में जो कुछ भी हुआ वह अक्षम्य है। आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए विश्व को एकजुट होना ही होगा।"
भारत ने मुंबई हमलों में लश्कर ए तैयबा के आतंकवादियों का हाथ होने से संबद्ध सबूतों के बारे में एक दस्तावेज तैयार किया जिसे गृहमंत्री पी. चिदम्बरम अमेरिका यात्रा के दौरान बुश प्रशासन के हवाले करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications