अमेरिकी डॉक्यूमेंटरी फिल्म में भारतीय शिक्षा प्रणाली का गुणगान
बेंगलुरू, 4 जनवरी (आईएएनएस)। भारत के हजारों युवा भले ही उच्च शिक्षा के लिए हर साल अमेरिका का रुख करते हों लेकिन उन्हें जानकर हैरानी होगी कि अमेरिका के एक उद्यमी द्वारा तैयार की गई डॉक्यूमेंटरी फिल्म में भारतीय शिक्षा प्रणाली, खासकर स्कूली शिक्षा के स्तर का जमकर बखान किया गया है।
अमेरिकी उद्यमी ने भारतीय स्कूली शिक्षा के स्तर से प्रेरित होकर यह डॉक्यूमेंटरी तैयार करने का फैसला किया, जिसमें भारतीय शिक्षा प्रणाली को अमेरिका से बेहतर बताया गया है।
डॉक्यूमेंटरी के निर्माता रॉबर्ट. ए. कांप्टन ने कहा, "इस फिल्म को देखकर साफ हो जाता है कि भारत और चीन की शिक्षा प्रणाली अमेरिका से बेहतर है। उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा वाली 21वीं शताब्दी में भारत और चीन अपने बच्चों को अमेरिका से बेहतर शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।"
इस डॉक्टूमेंटरी का नाम 'टू मिलियन मिनट्स' रखा गया है। 187 मिनट की इस फिल्म को हाल ही में बेंगलुरू में प्रदर्शित किया गया। खास बात यह है कि इस डॉक्टूमेंटरी को हॉवर्ड स्कूल सहित अमेरिका में 50 से अधिक बार दिखाया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**