पाक के लिए आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का वक्त : एंटनी (राउंडअप)
उधर, मुंबई हमले के बाद भारत के साथ उपजे तनाव के संदर्भ में पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत एनी डब्ल्यू. पैटरसन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की।
इस्लामाबाद में राष्ट्रपति की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि एनी ने जरदारी से मुलाकात के दौरान कहा कि अमेरिका दोनों देशों के नेतृत्व के संपर्क में रहना चाहता है ताकि तनाव को कम किया जा सके।
बयान के मुताबिक मुलाकात के दौरान जरदारी ने एनी को मुंबई हमले की जांच में मदद को लेकर पाकिस्तान की ओर से की गई पेशकश और प्रयासों से अवगत कराया।
दूसरी ओर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई हमले की संयुक्त जांच कराने के लिए पाकिस्तान की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर भारत की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'डॉन' ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि अमेरिकी प्रशासन ने पाकिस्तान से कहा है कि वह मुंबई हमले के आरोपियों को सजा दिलाने में पूरा सहयोग करे।
इस बीच, आतंकवाद के मसले पर चौतरफा घिर चुके पाकिस्तान ने निर्णय लिया है कि वह नेशनल काउंटर टेररिज्म ऑथरिटी (एनसीए) की स्थापना करेगा। इसकी घोषणा इस्लामाबाद में की गई।
इधर नई दिल्ली में एंटनी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "बयानबाजी का कोई मतलब नहीं होता। महत्वपूर्ण यह है कि कार्रवाई होती है या नहीं। मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान के रुख में कोई बदलाव आया है। उन्हें कार्रवाई करके खुद को साबित करना पड़ेगा।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में अभी भी 30 से ज्यादा आतंकवादी संगठन सक्रिय हैं। ऐसे में यह कैसे कहा जाए कि पाकिस्तान के रवैये में बदलाव आया है। कार्रवाई करने के लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है लेकिन उसे अवश्य कार्रवाई करनी चाहिए।"
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications