सरबजीत सिंह को मिल सकती है राहत
इस्लामाबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान में फांसी की सजा का सामना कर रहे भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह को राहत मिलने के संकेत प्रबल होते दिख रहे हैं।
पाकिस्तान के कानून व न्याय मंत्रालय ने आंतरिक मामलों के मंत्रालय को फांसी की सजा पा चुके तकरीबन 7000 दोषियों की सजा को उम्र कैद में तब्दील करने को कहा है।
कानून व न्याय मंत्री फारुक एच. नाइक ने शुक्रवार को बताया, "इस बारे में मेरे मंत्रालय की ओर से आतंरिक मामलों के मंत्रालय को नोट भेजा गया है। आतंरिक मामलों का मंत्रालय इस पर विचार करने के बाद उसे कैबिनेट में भेजेगा। मुझे पूरी उम्मीद है कि इसे कैबिनेट की मंजूरी मिल जाएगी।"
आंतरिक मामलों के मंत्रालय के आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक देश की विभिन्न अदालतों ने लगभग 7000 कैदियों को फांसी की सजा सुनाई है। इनमें से 35 महिलाएं और सरबजीत सिंह व किरपाल सिंह समेत सात विदेशी नागरिक हैं।
इस बीच, पाकिस्तान के जाने माने मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी ने आईएएनएस से कहा कि जिन कैदियों को फांसी की सजा दी गई है उनकी सजा को उम्र कैद में तब्दील कर दिया जाना चाहिए।
विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने गुरुवार को एक टेलीविजन चैनल से कहा था कि सरबजीत का मामला वार्ता के जरिए भी सुलझाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications