मुंबई हमला: अमेरिकी राजदूत की जरदारी से मुलाकात
इस्लामाबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई हमले के बाद भारत के साथ उपजे तनाव के संदर्भ में पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत एनी डब्ल्यू. पैटरसन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की।
राष्ट्रपति की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि एनी ने जरदारी से मुलाकात के दौरान कहा कि अमेरिका दोनों देशों के नेतृत्व के संपर्क में रहना चाहता है ताकि तनाव को कम किया जा सके।
बयान के मुताबिक मुलाकात के दौरान जरदारी ने एनी को मुंबई हमले की जांच में मदद को लेकर पाकिस्तान की ओर से की गई पेशकश और प्रयासों से अवगत कराया।
दूसरी ओर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई हमले की संयुक्त जांच कराने के लिए पाकिस्तान की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर भारत की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'डॉन' ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि अमेरिकी प्रशासन ने पाकिस्तान से कहा है कि वह मुंबई हमले के आरोपियों को सजा दिलाने में पूरा सहयोग करे।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications