भारतीय विज्ञान कांग्रेस शिलांग में शनिवार से शुरू होगी
शिलांग, 2 जनवरी(आईएएनएस)। मेघालय की राजधानी शिलांग में भारतीय विज्ञान कांग्रेस के आयोजन की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रधानमंत्री डा़ मनमोहन सिंह शनिवार को इसका उद्घाटन करेंगे।
जैव विविधता की रक्षा, ऊर्जा उत्पादन की स्वच्छ प्रक्रिया को बढ़ावा और पूवरेत्तर भारत के परिवेश के मुताबिक तकनीकी पहल जैसे मसलों पर इस सम्मेलन में मंथन होगा। यह पहला मौका है जब पूवरेत्तर में विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस संगठन(आईएससीए) के प्रमुख थिरूमलाचारी रामासामी ने संवाददाताओं को बताया कि 'विज्ञान की पढ़ाई को बढ़ावा' इस सम्मेलन की थीम होगा।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोध के प्रति छात्रों में रुचि बढ़ाने के उपायों पर भी मंथन होगा। विज्ञान कांग्रेस के इस 96वें सत्र का आयोजन नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी द्वारा किया जाएगा। इसका पहला सत्र 1914 में आयोजित किया गया था।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रमोद टंडन ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "यह पहला मौका है जब इतना महत्वपूर्ण सम्मेलन इस क्षेत्र में आयोजित होने जा रहा है। इससे पूवरेत्तर की जैव विविधता की रक्षा के प्रयासों को बढ़ावा मिलेगा।" इस सम्मेलन में 3000 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications