असम में आतंकवाद से निपटने के लिए विशेष अभियान : चिदंबरम
गुवाहाटी में गुरुवार को हुए श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों में छह बेगुनाह मारे गए थे और 50 लोग घायल हो गए थे।
राजधानी गुवाहाटी में चिदंबरम ने पत्रकारों को बताया, "एकीकृत कमान को एक विशेष अभियान की रणनीति के तहत सही लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के व्यापक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।"
इसके पूर्व गृहमंत्री चिदंबरम ने असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की अध्यक्षता में एकीकृत कमान की दो घंटे तक चली एक बैठक में हिस्सा लिया।
गृहमंत्री ने कहा, "गुरुवार को हुए बम विस्फोटों के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हम दृढ़संकल्प हैं। असम पुलिस ने हमले में शामिल तीन आतंकियों में से दो की पहचान पहले ही कर ली है। असम पुलिस आरोपियों के चेहरों व उनके नाम से परिचित है। असम में आतंकियों के खिलाफ हम बहुत सख्त व निर्णायक कदम उठाने जा रहे हैं।"
ज्ञात हो कि गुरुवार को तीन बम विस्फोटों ने गुवाहाटी को एक बार फिर दहला दिया था। इनमें से दो विस्फोट भीड़ भरे बाजार में हुए थे, जबकि एक विस्फोट सड़क किनारे रखे कचरे के डिब्बे में हुआ था।
चिदंबरम ने कहा, "आतंकवाद को कोई रियायत नहीं दी जाएगी।" उन्होंने कहा कि युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) व नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड के (एनडीएफबी) नेताओं के लिए बांग्लादेश शरणगाह बन गया है।
गृहमंत्री ने कहा, "बांग्लादेश की नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस मामले में यह कह कर एक सकारात्मक संकेत दिया है कि वह आतंकवादियों को भारत के खिलाफ अपनी धरती के इस्तेमाल की इजाजत नहीं देंगी और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वह भारत का साथ देंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications