जबरन वसूली का पत्र मिलने के बाद धोनी की सुरक्षा कड़ी
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि धोनी के परिवार को मिले एक धमकी भरे पत्र में कहा गया है कि अगर वे एक गैंगस्टर को 50 लाख रुपये नहीं देते तो उनके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता एस.एन. प्रधान ने कहा, "धोनी को जेड श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करा दी गई है जिसमें उनके इर्दगिर्द 45 सुरक्षाकर्मी रहेंगे। इसके पहले उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी।"
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धोनी के परिवार को बीते सोमवार को धमकी भरा पत्र मिला था। यह पत्र कथित रूप से एक गैंगस्टर तस्लीम द्वारा भेजा गया है जिसने कुख्यात अपराधी दाऊद इब्राहीम का नजदीकी होने का दावा किया है। पत्र में कहा गया है कि अगर धोनी 50 लाख रुपये की रकम नहीं देते हैं तो उनके परिवार को भयानक परिणाम भुगतने होंगे।
धोनी ने मंगलवार रात यह पत्र पुलिस को सौंप दिया जिसके बाद मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications