मुंबई हमले में लश्कर का हाथ होने का नया सूत्र उजागर हुआ (राउंडअप)

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ किसी सैन्य कार्रवाई की बात को सिरे से खारिज करते हुए मुंबई हमले के आरोपियों को कब्जे में लेने के लिए इस्लामाबाद पर कूटनीतिक दबाव बनाने का निर्णय लिया है।

नई दिल्ली द्वारा यह नया दृढ़निश्चय उस समय किया गया, जब पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों द्वारा की गई एक स्वतंत्र जांच में मुंबई हमले के तार लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की बात जाहिर की गई।

लश्कर-ए-तैयबा को आतंकवादी संगठन के रूप में पाकिस्तान द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। उसे 26 नवंबर के मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार माना गया है।

उधर अमेरिका ने भी लश्कर के दो शीर्ष नेताओं, जकी उर रहमान लखवी व जरार शाह के खिलाफ कार्रवाई के लिए पाकिस्तान पर दबाव बनाया है। इन दोनों सरगनाओं पर मुंबई हमले की व्यूहरचना करने का आरोप है।

सीएनएन-आईबीएन समाचार चैनल के अनुसार शाह ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के सामने मुंबई हमले में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।

इससे वहां की नई लोकतांत्रिक सरकार, सेना और खुफिया एजेंसी, इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के सामने नई समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।

एक सुरक्षा अधिकारी ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि शाह भी मुंबई के ताज होटल और टावर होटल पर हमले में शामिल आतंकवादियों के साथ मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क में था।

इससे पहले पाकिस्तानी समाचार पत्रों में यह खबर प्रकाशित हुई थी कि मुंबई पर हमले के संदिग्ध सूत्रधार लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकी उर रहमान लखवी को भारत को प्रत्यर्पित करने के लिए अमेरिका, पाकिस्तान पर भारी दबाव डाल रहा है।

समाचार पत्र 'डान' ने वाशिंगटन से अमेरिकी राजनयिक सूत्रों के हवाले से बुधवार को खबर दी कि अमेरिकी अधिकारियों ने लखवी और मुंबई हमले में शामिल आतंकियों के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत का टेप पाकिस्तान को सौंपा है।

सूत्रों के अनुसार अमेरिकी आवाज विशेषज्ञों ने इस टेप की जांच के बाद निष्कर्ष निकाला है कि इसमें लखवी की आवाज है।

लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने लखवी की बातचीत का टेप खुद रिकॉर्ड किया है या फिर इसे भारत से हासिल किया है।

मुंबई पर 26 नवंबर को हुए हमले के बाद चार दिसम्बर को भारतीय अधिकारियों ने लखवी और लश्कर के भारतीय मामलों के प्रमुख यूसुफ मुजम्मिल पर हमले का मुख्य सूत्रधार होने का संदेह जाहिर किया था।

पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने आठ दिसम्बर को मीडिया को बताया था कि लखवी सहित लश्कर के कई बड़े आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है।

उधर, विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने चंडीगढ़ में संवाददाताओं को बताया, "संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पाकिस्तान से मुंबई हमले के आरोपियों व वहां फल-फूल रहे आतंकी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा है।"

निकट भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई की संभावना से इंकार करते हुए शर्मा ने कहा कि भारत एक परिपक्व लोकतंत्र है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+