पाकिस्तानी जांच में भी मुंबई हमले में लश्कर का हाथ होने की पुष्टि (लीड-1)
जांच के बारे में जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के हवाले से अमेरिका के अखबार 'वाल स्ट्रीट जर्नल' ने बुधवार को यह खबर दी है।
पाकिस्तान के एक शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने अखबार को बताया कि पाक अधिकृत कश्मीर में पिछले माह पकड़े गए लश्कर के एक शीर्ष नेता जरार शाह ने मुंबई हमलों में लश्कर के शामिल होने को कबूला है।
इस खुलासे से पाकिस्तान पर यह स्वीकार करने का दबाव और बढ़ जाएगा कि हमला उसकी जमीन से किया गया। इससे वहां की नई लोकतांत्रिक सरकार, सेना और खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस के सामने नई समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।
सुरक्षा अधिकारी ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि शाह भी मुंबई के ताज होटल और टावर होटल पर हमले में शामिल आतंकवादियों के साथ मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क में था।
इससे पहले इस बात के समाचार पाकिस्तानी समाचार पत्रों में प्रकाशित हुए कि मुंबई पर हमले के संदिग्ध सूत्रधार लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकी अल रहमान लखवी को भारत को प्रत्यर्पित करने के लिए अमेरिका, पाकिस्तान पर भारी दबाव डाल रहा है।
समाचार पत्र 'डान' ने वाशिंगटन से अमेरिकी और राजनयिक सूत्रों के हवाले से बुधवार को खबर दी है कि अमेरिकी अधिकारियों ने लखवी और मुंबई हमले में शामिल बंदूकधारियों के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत का टेप पाकिस्तान को सौंपा है।
सूत्रों के अनुसार अमेरिका के आवाज विशेषज्ञों ने इस टेप की जांच के बाद निष्कर्ष निकाला है कि इसमें लखवी की आवाज है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने लखवी की बातचीत का टेप खुद रिकार्ड किया है या फिर इसे भारत से हासिल किया है।
मुंबई पर 26 नवंबर को हुए हमले के बाद चार दिसम्बर को भारतीय अधिकारियों ने लखवी और लश्कर के भारतीय कार्रवाइयों के प्रमुख यूसुफ मुजम्मिल पर हमले का मुख्य सूत्रधार होने का संदेह जाहिर किया था।
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने आठ दिसम्बर को मीडिया को बताया कि लखवी सहित लश्कर के कई बड़े आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
'डान' ने कहा है कि पहले तो अमेरिकी अधिकारियों का विचार लखवी मामले पर बहुत स्पष्ट नहीं था, परंतु टेप सुनने के बाद उनका दृष्टिकोण बदल गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications