जमीन विवाद के कारण 3 दिन से नहीं दफनाए जा सके हैं 2 शव
गांव में फैले तनाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं और जिले के वरिष्ठ अधिकारी यहां मौजूद हैं। पुलिस ने बताया कि जिले के नीमचक बथानी थाना-क्षेत्र के माधवबिगहा गांव में 80 वर्षीय कमरुद्दीन मियां की शुक्रवार शाम मौत हो गई थी। शनिवार को शव दफनाने के लिए कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां गांव के कुछ लोगों ने इसे आम रास्ता बताते हुए शव दफनाने से मना कर दिया। इसके बाद गांव में दो समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया।
मृतक के संबंधियों ने शव को वहीं पर एक स्थान पर रख दिया। इसके बाद सोमवार को सैरना खातून की मौत हो गई। सैरना के शव को भी दफनाने के लिए उक्त कब्रिस्तान ले जाया गया लेकिन उसे भी नहीं दफनाने दिया गया। दोनों शव अभी भी सुपुर्द-ए-खाक के इंतजार में कब्रिस्तान में पड़े हैं।
उधर, जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, "दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत चल रही है। जल्द ही इस विवाद को सुलझा लिए जाने की उम्मीद है।"
मगध क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रवीण बिष्ट ने बताया कि जिले के वरिष्ठ अधिकारी माधवबिगहा में मौजूद हैं। वहां स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications