भाजपा मुख्यालय से चोरी हुए 2.60 करोड़ रुपये पर रहस्य बरकरार
बुधवार को पार्टी के कोषाध्यक्ष रामदास अग्रवाल और कार्यालय प्रभारी श्याम जाजू ने पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इसके बाद अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी की लेखा पुस्तकों की जांच के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकेगा।
इससे पहले खबर आई थी कि पार्टी इस मामले की जांच किसी निजी जासूसी एजेंसी से करवा रही है। इस पर अग्रवाल ने कहा, " यह अभी हमें तय करना है कि इस मामले की छानबीन कैसे की जाए। जिस दिन चोरी की खबर फैली, मैं दिल्ली से बाहर था। निजी जासूसी एजेंसी के लोग सिर्फ एक दिन कार्यालय आए थे।"
अग्रवाल ने इस बात से भी इंकार किया कि पार्टी मुख्यालय के कर्मचारियों में वेतन न बढ़ाए जाने और बोनस न दिए जाने से असंतोष है। उन्होंने कहा कि वेतन बढ़ाने या न बढ़ाने का फैसला पार्टी को करना है।
इससे पहले मंगलवार को चोरी गई रकम के बारे में पूछे जाने पर पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा था, "हम पार्टी की लेखा पुस्तकों की जांच कर रहे हैं। पार्टी के कोषाध्यक्ष रामदास अग्रवाल की निगरानी में हिसाब किताब की जांच हो रही है।" दूसरी ओर कार्यालय प्रभारी श्याम जाजू ने इन खबरों का खंडन किया था। उन्होंने आईएएनएस से कहा था कि पैसे चोरी होने की खबर गलत है।
उल्लेखनीय है कि क्रिसमस के दिन भाजपा के लेखापाल के कमरे से 2.60 करोड़ रुपये चोरी होने की खबर फैल गई थी। चोरी भी ऐसी कि न तो ताला टूटा और न ही तिजोरी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications