केरल में भारतीय नौसेना अकादमी का शुभारंभ 8 जनवरी को (लीड-1)
इझिमला, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। नींव रखे जाने के करीब 22 वर्ष बाद केरल में अरब सागर के तट पर इझिमला में भारतीय नौसैनिक अकादमी बनकर उद्घाटन के लिए तैयार हो गई है। हालांकि निर्माण में विलंब हुए से इसकी लागत काफी बढ़ गई।
केरल के कन्नूर जिले में बनी इस अकादमी का उद्घाटन आठ जनवरी को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह करेंगे। इस मौके पर रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी भी मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी 1987 को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने जब अकादमी का शिलान्यास किया था, उस वक्त भी एंटनी मंच पर मौजूद थे।
अकादमी के निर्माण पर आने वाला खर्च 1.66 अरब रुपये आंका गया था। 22 वर्ष में निर्माण लागत बढ़कर 7.21 अरब रुपये हो गई। अकादमी के लिए उचित जल आपूर्ति,सड़क और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास पर ही 50 करोड़ रुपये का खर्च आया।
इस अकादमी के अगले साल से शुरू हो रहे सत्र में 750 कैडेट्स और कमीशन्ड अधिकारियों के लिए बी. टेक पाठ्यक्रम चलाया जाएगा। इंजीनियरिंग का पाठ्यक्रम जवाहरलाल नेहरूविश्वविद्यालय, नई दिल्ली और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के सहयोग से चलाया जाएगा। दूसरों देशों के अधिकारियों को भी यहां प्रवेश मिल सकेगा।
अकादमी 1000 एकड़ क्षेत्र में फैली है। नौसेना में शामिल होने वाले सभी अधिकारी यहीं से प्रशिक्षण हासिल करेंगे। इसका संचालन नौसेना की कोच्चि स्थित दक्षिणी कमान करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications