अभियंता हत्याकांड : बसपा का औरैया जिलाध्यक्ष दोहरे ही निकला भाटिया
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने सोमवार को लखनऊ में पत्रकारों को बताया कि योगेंद्र दोहरे का ही नाम भाटिया है, जो घटना के दिन से फरार है। उन्होंने बताया कि फरार दोहरे की संपत्ति की कुर्की के लिए जिला न्यायालय में अर्जी दाखिल कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि योगेंद्र कुमार दोहरे उर्फ भाटिया स्थानीय विधायक शेखर तिवारी के करीबियों में है। दोहरे को बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को औरैया जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया था। उनकी जगह शिवप्रताप दोहरे को नया जिला अध्यक्ष बनाया गया है।
मनोज गुप्ता की हत्या के एक अन्य लापता आरोपी एस. के. त्यागी के बारे में लाल ने कहा कि पुलिस उसके बहुत करीब पहुंच गई है, जल्द ही वह भी पकड़ा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अभियंता मनोज गुप्ता द्वारा चंदा उगाही की रकम देने से इनकार करने पर गत बुधवार की रात शेखर तिवारी के समर्थकों ने पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी थी। हत्या के आरोप में तिवारी के अलावा उसके तीन समर्थकों मनोज अवस्थी, रामबाबू लोधी और विनय तिवारी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन तीन आरोपियों में से ही कोई एक त्यागी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications