क्षेत्रीय केंद्रों की स्थापना में लगेगा वक्त : एनएसजी प्रमुख
नई दिल्ली, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के प्रमुख जे.के.दत्त ने कहा है कि एनएसजी के क्षेत्रीय केंद्रों की स्थापना में फिलहाल वक्त लगेगा।
आईएएनएस को दिए विशेष साक्षात्कार में दत्त ने कहा, "चार राज्यों में एनएसजी केंद्रों की स्थापना हमारी प्राथमिकता है और इसमें वक्त लगेगा। इन केंद्रों की शुरुआत के समय के बारे में मैं अभी कुछ नहीं कह सकता।"
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने कहा था कि मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद में एनएसजी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। दत्त ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार गृह सचिव संबंधित राज्यों के प्रमुख सचिवों से चर्चा कर रहे हैं।
एनएसजी को चार क्षेत्रीय केंद्रों की स्थापना के लिए चारों राज्यों में कम से कम एक-एक हजार एकड़ जमीन की जरूरत है। दत्त ने कहा कि जब उन्हें संबंधित राज्यों में जमीन मिल जाएगी तो दिल्ली से एक टीम वहां जाकर संबंधित स्थल का मुआयना करेगी।
फिलहाल एनएसजी का मानेसर में प्रशिक्षण केंद्र है। एनएसजी का गठन वर्ष 1984 में किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications