मप्र में भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए बनाया ब्लू प्रिंट
मध्यप्रदेश में भाजपा की फिर सत्ता में वापसी के बाद दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा हुई और लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर एक कार्य योजना को अंतिम रूप दिया गया। इसके मुताबिक प्रदेश की राजधानी से लेकर मतदान केंद्र तक पार्टी तथा प्रदेश सरकार की बात पहुंचाई जाएगी।
प्रदेश कार्यसमिति में संगठन को जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया गया और संगठन क्या कर सकता है, इस पर विचार करने के साथ संगठनात्मक कार्ययोजना बनाई गई। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यसमिति का ब्योरा देते हुए पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाना चाहते हैं। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता से भी अपेक्षा की गई है कि वे इसमें सहयोग करें।
भाजपा पांच जनवरी से कार्यसमिति में बने ब्लू प्रिंट के मुताबिक अभियान शुरू करने जा रही है जो आगामी तीन माह तक जारी रहेगा। पार्टी द्वारा मतदाता सूचियों में मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। नव निर्वाचित विधायकों को प्रशिक्षण देने के लिए अभ्यास वर्ग लगेगा और संगठन को मजबूत करने के लिए कई स्तरों पर कार्यक्रम होंगे।
भाजपा ने केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करने की तैयारी कर ली है। तोमर का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश के साथ भेदभाव किया जा रहा है। केंद्र की इस नीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी आंदोलन छेड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications