शोभराज के भाग्य का निर्णय 13 जनवरी को (लीड-1)
काडमांडू, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। छह वर्षो की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद नेपाल के सर्वोच्च न्यायालय ने 13 जनवरी को चार्ल्स शोभराज के मुकदमे में अंतिम निर्णय सुनाने की घोषणा की है।
इसके पहले 64 वर्षीय शोभराज के वकील सात बार समय की कमी के कारण अंतिम सुनवाई रोकने का आग्रह कर चुके थे।
चार्ल्स शोभराज को वर्ष 2003 में काठमांडू में गिरफ्तार किया गया था। एक अमेरिकी पर्यटक की हत्या के आरोप में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
वर्ष 2004 में आजीवन कारावास की सजा मिलने के बाद से ही शोभराज ने इसके खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील कर रखी है। रविवार को सर्वोच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों ने मामले की अंतिम सुनवाई के बाद कहा कि वे 13 जनवरी को अपना फैसला सुनाएंगे।
इस मुकदमे में काफी विलंब हुआ। इस कारण पिछले महीने ही शोभराज के फ्रांसीसी वकील ने जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानव अधिकार आयोग के समक्ष याचिका दायर करके नेपाली न्यायालयों की कार्रवाई को अनिश्चित और बेतुका बताया था।
काठमांडू जेल में बंद शोभराज के जेल प्रशासन पर भेदभाव के आरोप लगाने और अन्य कैदियों से जान के खतरे की आशंका जताने के बाद स्थिति का निरीक्षण करने के लिए संयुक्त राष्ट्र का प्रतिनिधि भी इस महीने जेल पहुंचा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications