कसाब को पाक दे सकता है कानूनी मदद!
इस्लामाबाद, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। मुंबई हमले के दौरान जिंदा पकड़े गए आतंकवादी अजमल आमिर कसाब को पाकिस्तान कानूनी सहायता मुहैया कराने पर विचार कर सकता है। एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि कसाब के पाकिस्तानी नागरिक साबित होते ही ऐसा किया जा सकता है।
अधिकारी ने कहा, "अगर कसाब पाकिस्तानी है तो हम उसे कानूनी मदद देंगे और ऐसा करने के लिए हम अधिकृत भी होंगे।"
उन्होंने कहा कि कसाब का नाम राष्ट्रीय पंजीकरण एवं डाटाबेस प्राधिकरण (एनडीआरए) में नहीं है। दरअसल, एनडीआरए पाकिस्तान के नागरिकों के लिए पहचान पत्र और पासपोर्ट मुहैया कराता है।
अधिकरी ने बताया कि अमेरिका के माध्यम से पाकिस्तान को जानकारी दी गई कि कसाब उसका नागरिक है। परंतु इतने भर से साबित नहीं हो जाता कि वह सचमुच पाकिस्तानी है।
समाचार पत्र 'द न्यूज' ने रविवार को एक खबर प्रकाशित की जिसमें कहा गया है कि अमेरिका और ब्रिटेन ने पाकिस्तान को इस बात के सबूत दिए हैं कि मुंबई में हमला करने वाले पाकिस्तानी ही थे। इसमें कसाब के पाकिस्तानी होने के सबूत की बात भी शामिल है।
गौरतलब है कि गत 26 नवंबर को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications