सुरक्षा परिषद ने गाजा में हिंसा समाप्त करने को कहा
सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य देशों के राजदूतों का सम्मेलन बंद कमरे में हुआ। इस सम्मेलन के लिए लीबिया ने आग्रह किया था। शनिवार देर रात सुरक्षा परिषद की बैठक संपन्न हुई।
रविवार सुबह समाप्त हुई बैठक में इजरायल के हवाई हमले की स्पष्ट निंदा नहीं की गई। सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष क्रोएशिया के संयुक्त राष्ट्र राजदूत नेवेन ज्यूरिका ने कहा,"सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने सभी पक्षों से तत्काल सैनिक कार्रवाइयां रोकने को कहा है।"
बैठक के बाद संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत जलमाय खलीलजाद ने संवाददाताओं से कहा, "हम हिंसा की समाप्ति चाहते हैं।"
उन्होंने कहा कि संयम बरतने और गाजा के लोगों को मानवीय सहायता देने की आवश्यकता है। खलीलजाद ने गाजा से इजरायल पर राकेट हमलों को ताजा हिंसा का कारण बताया।
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने भी मध्य पूर्व में तत्काल हिंसा रोकने को कहा।
बान के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि इजरायल की सुरक्षा चिंताओं के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार कानून का पालन करना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अत्यधिक सैन्य शक्ति के प्रयोग की निंदा की जिसके कारण नागरिक हताहत हुए।
बान ने इजरायल पर फिलिस्तीनी आतंकवादियों के राकेट हमलों की भी निंदा की और इन हमलों को रोकने के लिए हमास से की गई अपील के अनसुना करने पर गहरा दुख जाहिर किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications