बांग्लादेश के मतदाताओं को सरकार पर भरोसा : मीडिया सर्वेक्षण
ढाका, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। बांग्लादेश के मतदाताओं ने अगले सप्ताह होने वाले आम चुनाव की तैयारियों को लेकर सेना समर्थित कार्यवाहक सरकार और चुनाव आयोग पर भरोसा जताया है।
समाचार पत्र 'द डेली स्टार' द्वारा करवाए गए सर्वेक्षण में यह परिणाम सामने आया है। डेली स्टार-नेल्सन चुनाव सर्वेक्षण-2, 2008 के अनुसार बहुसंख्य मतदाताओं ने चुनाव की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि चुनाव के बाद देश का राजनीतिक माहौल सुधरेगा।
समाचार पत्र ने बुधवार को कहा है कि सर्वेक्षण में शामिल 95 प्रतिशत लोगों को उम्मीद है कि वे अपना वोट बिना किसी बाधा के डालने में सफल होंगे। 98 फीसदी लोगों का मानना है कि चुनाव माहौल और उससे जुड़ी गतिविधियों में सुधार हुआ है।
अधिकांश मतदाताओं को भरोसा है कि राजनीतिक दलों के अपने वादे से मुकरने की स्थिति में मीडिया उनको जिम्मेदार बनाने का कार्य करेगा।
'डेली स्टार' और नेल्सन द्वारा कराया गया यह दूसरा सर्वेक्षण है। इसे 14 दिसम्बर और 20 दिसम्बर के बीच संपन्न कराया गया। इसमें 44 जिलों के 90 चुनाव क्षेत्रों के 5,040 मतदाताओं को इसमें शामिल किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications