बिहार में पुलिस थानों को उपलब्ध कराई गई आकस्मिक राशि
राज्य के पुलिस महानिदेशक डी़ एऩ गौतम ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "राज्य के प्रत्येक शहरी थाने को 25-25 हजार रुपये, नक्सल प्रभावित व ग्रामीण थाने को क्रमश: 15-15 व 10-10 हजार रुपये की आकस्मिक राशि उपलब्ध कराई गई है।" उन्होंने बताया कि राशि के खर्च का हिसाब देने के तत्काल बाद उतनी ही राशि संबंधित थाने को उपलब्ध करा दी जाएगी।
गौतम ने कहा, "बिहार संभवत: देश का ऐसा पहला प्रदेश है जहां पुलिस थानों को ऐसी आकस्मिक राशि दी गई है। पहले लोगों को थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए कागज लेकर आना पड़ता था। हिरासत में रखे गए आरोपियों को भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए थानों के पास कोई राशि नहीं होती थी। लेकिन अब ऐसी समस्याएं नहीं आएंगी।"
उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस अब दो कदम आगे बढ़कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करेगी। राज्य के सभी पुलिस अधीक्षकों को प्रत्येक महीने के पहले शनिवार को जनता से संवाद स्थापित करने के लिए 'लोक संवाद' कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications