असम में बर्ड फ्लू, 40,000 मुर्गियां मारी गई
गुवाहाटी/भुवनेश्वर, 1 दिसम्बर: असम में बर्ड फ्लू वायरस फैलने से प्रदेश सरकार की चिंता बढ़ गई है। बर्ड फ्लू फैलने के बाद से 40,000 मुर्गियां मारी जा चुकी हैं। जबकि प्रशासन ने कुल 60,000 मुर्गियों को मारने के आदेश दिए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रयोगशाला परीक्षणों के बाद बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि भी कर दी है। राज्य के पशु चिकित्सा विभाग के उप निदेशक मनोरंजन चौधरी के मुताबिक कामरूप जिले में मुर्गियों को मारने का काम चल रहा है और अब तक 40,000 मुर्गियों और बत्तखों को मारा जा चुका है।
मुर्गियों को मारने का काम गुवाहाटी से 40 किलोमीटर दूर स्थित इस जिले के 48 गांवों में किया जा रहा है। है। इस काम में 22 टीमें लगी हुई हैं।
उड़ीसा में हाई अलर्ट
असम में बर्ड फ्लू फैलने के बाद उड़ीसा में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। उड़ीसा सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को राज्य में इस बीमारी को रोकने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिये हैं।
मत्स्य और पशुपालन विभाग के निदेशक बिष्णुपद सेठी के मुताबिक राज्य में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सावधानी बरती जा रही है।
सेठी के मुताबिक हर साल सर्दियों में साइबेरिया से हजारों पक्षी उड़ीसा आते हैं। सरकार ने इनमें बीमार पक्षियों की पहचान के लिए कई दल भेजे हैं। अक्टूबर से अब तक 750,000 साइबेरियाई पक्षी चिल्का झील पहुंच चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications
