काबुल में 2 विदेशियों की गोली मारकर हत्या (लीड-1)
काबुल, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार सुबह अतिसुरक्षित माने जाने वाले एक इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने दो विदेशी नागरिकों समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मृतक विदेशी नागरिकों में एक ब्रिटिश और एक दक्षिण अफ्रीकी था। काबुल के उप पुलिस प्रमुख अलीशाह अहमदजई ने बताया, "शनिवार सुबह बंदूकधारियों ने दो विदेशी नागरिकों समेत उनके एक सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी।"
यह घटना काबुल में राष्ट्रपति भवन के समीप अंतर्राष्ट्रीय शिपिंग कंपनी 'डीएचएल' के सामने हुई। अहमदजई ने बताया कि मारे गए दोनों विदेशी नागरिक डीएचएल के कर्मचारी थे। उन्होंने बताया कि अभी हमले की वजह के बारे में पता नहीं चला है।
अहमदजई ने कहा कि हमले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमले में दो सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गए। घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गौरतलब है कि काबुल में पांच दिन पूर्व ही एक विदेशी राहतकर्मी गाएले विलियम्स की हत्या कर दी गई थी। बाद में तालिबान ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
