काबुल में दो विदेशियों समेत 3 लोगों की गोली मारकर हत्या
काबुल, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार सुबह अज्ञात बंदूकधारियों ने दो विदेशी नागरिकों समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों के हवाले से बताया कि शनिवार सुबह लगभग 10 बजे काबुल के अतिसुरक्षित क्षेत्र माने जाने वाले एक इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने काबुल स्थित एक कंपनी में कार्यरत दो विदेशी नागरिकों और एक अफगानी सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी।
जिस इलाके में यह घटना हुई वहां ईरानी और तुर्की दूतावास भी है। पुलिस के अनुसार हमले में दो लोग घायल भी हुए। एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि घटना के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
गृह मंत्रालय के अनुसार हमले में मारे गए दो विदेशी नागरिकों में एक कनाडा का था। दूसरे की राष्ट्रीयता के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
