दिल्ली की नई हवाई पट्टी पहले से सातवें स्थान पर खिसकी!
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे की जिस तीसरी नई हवाई पट्टी को देश की सबसे लंबी हवाई पट्टी बताई जा रही थी, वह अब सातवें स्थान पर पहुंच गई है।
दरअसल, 4,430 मीटर की लंबाई के कारण इस हवाई पट्टी को देश की सबसे लंबी हवाई पट्टी का दर्जा दिया गया था। लेकिन हवाई पट्टी के एक हिस्से में 62 फुट की भगवान शिव की एक मूर्ति आ जाने के कारण एक चौथाई हिस्सा अनुपयोगी हो गया।
लिहाजा कागज पर भले ही यह देश की सबसे लंबी हवाई पट्टी हो, लेकिन व्यावहारिक रूप में इसका स्थान सातवें नंबर पर आ गया है।
अब हवाई पट्टी का जितना हिस्सा उपयोगी है, उसकी लंबाई कुछ 3,400 मीटर पड़ती है। इस लिहाज से यह हवाई पट्टी अहमदाबाद(3,599मीटर), हैदराबाद(4,260 मीटर), बेंगलुरू(4,120 मीटर), मुंबई(3,445मीटर), कोलकाता(3,629मीटर) व चेन्नई(3,658 मीटर) की हवाई पट्टियों से छोटी हो जाती है। यहां तक कि खुद दिल्ली में भी इसका स्थान दूसरा हो जाता है, क्योंकि यहां हवाई अड्डे के दूसरे रनवे की लंबाई 3,810 मीटर है।
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) के सहायक उपाध्यक्ष अरुण अरोरा ने इस बात को स्वीकार किया है कि पूरब में राष्ट्रीय राजमार्ग 8 पर तीसरे रनवे के छोर से लगभग एक किलोमीटर तक का हिस्सा फिलहाल अनुपयोगी हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
