उड़ीसा सरकार ने नन से बलात्कारियों की शिनाख्त करने की अपील की
भुवनेश्वर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बलात्कार की शिकार नन द्वारा दिल्ली में मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाए जाने के ठीक एक दिन बाद शनिवार को उड़ीसा सरकार ने नन से बलात्कारियों की शिनाख्त करने की अपील की है। सरकार ने नन को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया है।
उड़िया टीवी समाचार चैनल से बातचीत में राज्य के पुलिस महानिदेशक मनमोहन प्रहराज ने कहा कि नन को हर तरह की सुरक्षा मुहैया कराने का वादा किया गया है और उनसे जांच में सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार नन की पसंद की किसी भी जगह कथित बलात्कारियों की शिनाख्त परेड आयोजित करने को तैयार है।
ज्ञात हो कि नन ने शुक्रवार को नईदिल्ली में एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर अपनी आपबीती बयान की थी। उसने उड़ीसा पुलिस पर अविश्वास जताया था और मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।
जबकि दो दिन पहले ही सर्वोच्च न्यायालय ने मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कटक के आर्कबिशप राफेल चीनाथ द्वारा दायर याचिका खारिज कर दी थी।
अदालत ने बुधवार को राज्य की जांच एजेंसी को सहयोग देने के लिए पीड़ित को निर्देश दिया था।
मामले की जांच कर रही राज्य पुलिस की अपराध शाखा ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कानूनी प्रावधान के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त परेड जरूरी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
