अजेय नहीं रह गई है आस्ट्रेलियाई टीम : प्रॉक्टर
जोहांसबर्ग, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मैच रेफरी रह चुके माइक प्रॉक्टर का मानना है कि विश्व क्रिकेट में एक दशक से भी अधिक समय से चला आ रहा आस्ट्रेलियाई टीम का प्रभुत्व अब ढलान पर है।
दक्षिण अफ्रीका के समाचार पत्र 'बील्ड' के मुताबिक प्रॉक्टर को शुक्रवार को क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) की चयन समिति का अध्यक्ष चुना गया। बतौर चयन प्रमुख प्रॉक्टर की पहली भूमिका दिसंबर-जनवरी में आस्ट्रेलिया के साथ होने वाली टेस्ट श्रंखला के लिए टीम का चयन करना है।
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच इस वर्ष जनवरी में खेले गए विवादित सिडनी टेस्ट में मैच रेफरी रहे प्रॉक्टर ने कहा कि मोहाली में आस्ट्रेलिया पर मिली 320 रनों की रिकार्ड जीत ने एक लिहाज से दूसरी टीमों का काम आसान कर दिया है।
प्रॉक्टर ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि आस्ट्रेलियाई टीम में जबरदस्त दमखम है लेकिन अब दिखने लगा है कि उसे भी हराया जा सकता है। इससे हमारी टीम और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाली श्रंखला और भी रोचक हो गई है। हमारी टीम विजेता बनकर लौटने के इरादे के साथ ही आस्ट्रेलिया जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
