बिहार बंद : 1,021 छात्र हिरासत में लिए गए
पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तर भारतीय छात्रों की पिटाई के विरोध में किए गए बिहार बंद के दौरान शनिवार को 1,021 प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया गया।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि बंद के दौरान पूरे राज्य में 1021 प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि बंदी को देखते हुए राज्य के सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों तथा बस अड्डों पर पुलिस बल को तैनात किया गया था।
उन्होंने बताया, "प्रदर्शनकारी छात्रों ने शेखपुरा, नरकटियागंज, दरभंगा तथा बक्सर रेलवे स्टेशनों पर मामूली तोड़फोड़ की। इसके अलावे कहीं से भी किसी प्रकार के तोड़फोड़ की सूचना नहीं है।"
इधर, ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) के राज्य सचिव अभ्युदय ने बिहार बंद को पूरी तरह सफल बताया है। उन्होंने कहा कि मनसे और शिवसेना पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तथा मनसे प्रमुख राज ठाकरे पर राजद्रोह का मुकदमा नहीं चलाया गया तो बिहार के छात्र राज्य के सभी सांसदों से इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन प्रारंभ करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
