सब्यसाची के 'ब्राइडल सूत्र' के साथ लक्मे फैशन वीक का समापन
मुंबई, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी के रंगों से भरे 'ब्राइडल सूत्र' कलेक्शन और बॉलीवुड की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी के साथ शुक्रवार की शाम 'लक्मे फैशन वीक' (एलएफडब्ल्यू) का समापन हो गया।
इस दौरान दुल्हन के परिधानों में कुल 38 मॉडल रैंप पर उतरीं। मुखर्जी के कलेक्शन में पारंपरिक भारतीय परिधानों की प्रदर्शनी की गई जिसमें हीरे, नीलम, रूबी, सोने, चांदी और तांबे जैसे बहुमूल्य धातुओं का काम किया हुआ था।
मुखर्जी कहते हैं, "इस कलेक्शन के जरिए भारतीय परंपरा को वैश्विक मंच पर मजबूती के साथ पेश करना मेरा मकसद था।"
विवाह के उत्सव के दौरान आयोजित मेहंदी, संगीत, विवाह, प्रीति भोज आदि सभी कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग रंगों और सजावट के साथ लहंगा, चोली, दुपट्टा, कुर्ता, सलवार, चूड़ीदार, साड़ी और कसीदाकारी किए गए परिधान पेश किए गए थे।
मुखर्जी के अनुसार आज हमारा देश पाश्चात्य शैली का अनुसरण कर रहा है लेकिन मैंने अपने कलेक्शन के जरिए अपनी संस्कृति और परंपरा को एक बार फिर से वैश्विक पटल पर लाने की कोशिश की है।
फैशन वीक के दौरान अनिल कपूर, चित्रांगदा सिंह, सेलिना जेटली, मधु सप्रे, मंदिरा बेदी, गीता बसरा जैसी बॉलीवुड हस्तियां भी रैंप पर कैटवाक करते दिखे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
