अमेरिकी शेयर बाजारों में तेज गिरावट
वाशिंगटन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी शेयर बाजारों में शुक्रवार को भी भारी गिरावट हुई। वैश्विक अर्थव्यवस्था की अनिश्चित स्थिति को देखते हुए साप्ताहिक कारोबार के आखिरी दिन शेयर बाजार 3.5 प्रतिशत नीचे गिर गए।
वित्तीय संकट बढ़ने और मंदी के भय से शुक्रवार को यूरोप, एशिया और मध्य पूर्व के भी बाजारों में तेज गिरावट हुई।
अमेरिकी हाउसिंग बाजार में सुधार के बावजूद भी यह गिरावट आई। नेशनल एसोसिएशन ऑफ रिटेलर्स ने बताया कि सितम्बर में मकानों की बिक्री में 5.5 प्रतिशत की अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।
डाउ जोंस औद्योगिक सूचकांक में 321.30 अंकों (3.59 प्रतिशत), स्टैंडर्ड एंड पुअर 500में 31.34 अंकों (3.45 फीसदी) और नैस्डेक में 51.88 अंकों (3.23 प्रतिशत) की गिरावट हुई।
इस सप्ताह डाउ जोंस में 5.4 फीसदी, स्टैंडर्ड एंड पुअर 500 में 6.8 और नैस्डेक में 9.3 प्रतिशत की गिरावट आई है।
वर्ष 2008 के आंरभ से अब तक नैस्डेक और स्टैंडर्ड एंड पुअर 500 में 40 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ चुकी है। डाउ जोंस भी करीब 37 प्रतिशत नीचे गिर चुका है।
डॉलर पिछले 13 साल में जापानी मुद्रा येन के मुकाबले सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। गुरुवार को 97.26 येन प्रति डॉलर के मुकाबले शुक्रवार को यह 94.21 येन प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था। यूरो के मुकाबले डॉलर की कीमत में वृद्धि हुई और एक दिन पहले के 77.37 यूरो प्रति डॉलर के मुकाबले यह 79.21 यूरो प्रति डॉलर पर था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
