बिहार बंद : छात्रों का प्रदर्शन जारी (लीड-1)

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में रेलवे की परीक्षा देने गए उत्तर भारतीय छात्रों पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं के हमले के विरोध में शनिवार को बिहार बंद के दौरान छात्रों ने शेखपुरा जिला समेत कई इलाकों में प्रदर्शन किया तथा रेल परिचालन में बाधा पहुंचाई। कई इलाकों में छात्रों को हिरासत में भी लिया गया है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने दरभंगा जिले के रेलवे स्टेशन पर दरभंगा से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को आधे घंटे तक रोके रखा। इस दौरान छात्रों ने स्टेशन पर तोड़फोड़ भी की। दरभंगा के पुलिस अधीक्षक पंकज दराद ने बताया कि छात्रों ने पुलिस पर पथराव भी किया। उन्होंने कहा कि तीन छात्रों को गिरफ्तार किया गया है।

लखीसराय जिले में भी छात्रों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने 10 छात्रों को हिरासत में लिया है। लखीसराय के पुलिस अधीक्षक सिधेश्वर प्रसाद ने बताया कि शनिवार की सुबह कुछ छात्र किउल रेलवे स्टेशन पर हंगामा कर रहे थे तथा शहर में दुकानों को जबरदस्ती बंद करवा रहे थे।

रोहतास और मोतिहारी जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है। इन दोनों जिलों में बंद को देखते हुए शहरी इलाकों के शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है।

शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर भी छात्रों ने उत्पात मचाया। छात्रों ने इस दौरान किउल-गया 711 अप पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया और इसके इंजन को बोगी से अलग कर दिया।

शेखपुरा के जिलाधिकारी अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि करीब 800 छात्र रेलवे स्टेशन पर हंगामा करने लगे और उन्होंने एक यात्री रेलगाड़ी रोक दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी छात्रों को स्टेशन परिसर से हटा दिया गया है। सिंह के मुताबिक शेखपुरा की स्थिति अब नियंत्रण में है।

बिहार बंद को देखते हुए राजधानी पटना में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए हैं। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमित कुमार ने बताया कि केवल पटना में 5000 अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, सभी सरकारी इमारतों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पटना के रेल पुलिस अधीक्षक डी़ एऩ गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और पटरियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है। सभी पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) तथा निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने को कहा गया है।

गौरतलब है कि शनिवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) तथा इंकलाबी नौजवान सभा ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने समेत कई मांगों को लेकर बिहार बंद का आह्वान किया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+