बिहार बंद : छात्रों ने शेखपुरा स्टेशन पर मचाया उत्पात

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) द्वारा उत्तर भारतीय छात्रों की पिटाई से भड़के छात्रों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। ऑल इंडिया स्टूडेण्ट एसोसिएशन (आइसा) तथा इंकलाबी नौजवान सभा की ओर से मनसे के प्रमुख राज ठाकरे पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने समेत कई मांगों को लेकर किए गए बिहार बंद के दौरान शनिवार को छात्रों ने शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर जमकर उत्पात मचाया।

छात्रों ने इस दौरान किउल-गया 711 अप पैसेंजर ट्रेन को शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया और उसके इंजन को बोगियों से अलग कर दिया।

शेखपुरा जिले के जिलाधिकारी अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब आठ सौ छात्र अचानक शेखपुरा रेलवे स्टेशन पर आ धमके और उन्होंने उक्त ट्रेन को रोक लिया। उन्होंने बताया कि आंदोलकारी छात्रों को स्टेशन परिसर से हटा दिया गया है तथा ट्रेन से यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया है।

सिंह के मुताबिक शेखपुरा की स्थिति अब नियंत्रण में है। इस ट्रेन के शेखपुरा में रूक जाने के कारण किउल-गया रेलखंड पर रेल परिचालन बाधित हो गया है। हावड़ा-गया एक्सप्रेस को किउल रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया गया है।

इधर , बिहार बंद को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमित कुमार ने बताया कि केवल पटना में ही 5000 अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। सभी रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, सभी सरकारी इमारतों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

उधर, पटना के रेल पुलिस अधीक्षक डी़ एऩ गुप्ता ने शनिवार को बताया कि रेलवे स्टेशनों और पटरियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है। सभी पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) तथा निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने को कहा गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+