मेनन के प्रतिनिधि को 6 माह बाद ढूंढ़ पाई केंद्र सरकार (लीड-1)
नई दिल्ली , 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी सरकार द्वारा वर्ष 2008 के अप्रैल महीने में देश के पूर्व रक्षा मंत्री वी. के. कृष्ण मेनन को (मरणोपरांत) एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मान देने की घोषणा के छह महीने बाद केंद्र सरकार ने आखिरकार उनके एक उत्तराधिकारी को ढूंढ़ ही लिया जो मेनन की ओर से इस पुरस्कार को ग्रहण कर सके।
दरअसल, इसी वर्ष अप्रैल में दक्षिणी अफ्रीकी सरकार ने मेनन को 'ऑर्डर ऑफ द कंपेनियन्स ऑफ ओ.आर. टैंबू' सम्मान से नवाजे जाने का ऐलान किया था। यह दक्षिण अफ्रीका का दूसरा सबसे बड़ा सम्मान है।
दक्षिण अफ्रीका की राजधानी प्रीटोरिया में आगामी 28 अक्टूबर को यह पुरस्कार दिया जाएगा जिसे मेनन की ओर से उनके करीबी रिश्तेदार हरिराम शास्त्री ग्रहण करेंगे। दिल्ली के व्यवसायी शास्त्री मेनन की बहन वी. के. जानकी के नाती हैं। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति क्गालेमा मोतलांथे से वे यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति थाबो म्बेकी को वर्ष 2008 के अप्रैल महीने में यह पुरस्कार मेनन को देना था। लेकिन उस वक्त मेनन को यह पुरस्कार देने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया क्योंकि केंद्र सरकार उनके सबसे करीबी रिश्तेदार को ढूंढ़ नहीं पाई थी। दक्षिण अफ्रीका स्थित भारतीय दूतावास ने इससे पहले मेनन की ओर से इस पुरस्कार को ग्रहण करने से मना कर दिया था।
केरल के कोझिकोड में जन्मे मेनन की दरअसल शादी नहीं हुई थी। वी. के. जानकी उनकी बहन थी। शास्त्री जानकी की बड़ी बेटी के पुत्र हैं। बहरहाल, शास्त्री की भी शादी नहीं हुई है।
मेनन को यह सम्मान दक्षिण अफ्रीका में उपनिवेशवाद और रंगभेद के खिलाफ लड़ाई में उनके अहम योगदान के लिए दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
