भारत के लिए मददगार होगी कोटला की पिच : क्यूरेटर
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के क्यूरेटर (पिच बनाने वाला विशेषज्ञ) राधेश्याम शर्मा का कहना है कि पिछले रिकार्ड को देखते हुए कोटला की पिच भारतीय टीम के लिए मददगार साबित होगी।
शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि यह कहना गलत होगा कि कोटला की पिच पहले दिन से ही स्पिनरों को मदद पहुंचाना शुरू कर देगी, लेकिन पिछले रिकार्ड को देखते हुए कहा जा सकता है कि यह भारत के लिए काफी मददगार साबित होगी क्योंकि उसके पास दो विश्वस्तरीय स्पिनर हैं।
शर्मा ने कहा, "कोटला की पिच हरफनमौला है। यहां सबके लिए कुछ न कुछ है। स्पिनरों को यहां मदद मिलेगी लेकिन पहले तीन दिन तो इसमें तेज गेंदबाजों के लिए काफी कुछ होगा। बाकी के दो दिन स्पिनरों के नाम हो सकते हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या कोटला में अनिल कुंबले को मदद पहुंचाने के इरादे से पिच बनाई गई है। शर्मा ने कहा, "कुंबले का रिकार्ड देखिए। आपको लगता है कि उन्हें किसी तरह की बाहरी मदद की जरूरत है। वह एक महान खिलाड़ी हैं।"
शर्मा ने हालांकि यह जरूर कहा कि चूंकि यह इस सत्र में कोटला में खेला जाने वाला पहला मैच है, लिहाजा पिच की आदत के बारे में साफ तौर पर कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा।
बकौल शर्मा, "हमने इस पिच को बनाने में काफी मेहनत की है। हमारा प्रयास रहा है कि एक शानदार पिच बने लेकिन चूंकि इस सत्र में यहां पहला मैच खेला जाएगा इस लिहाज से हमें यह देखने के लिए इंतजार करना होगा कि यह कैसा नतीजा देती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
