40 मामलों में वांछित नक्सली गिरफ्तार
लखनऊ, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश पुलिस ने 40 से अधिक आपराधिक मामलों में आरोपी एक प्रमुख नक्सली को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और बिहार पुलिस के वांछित अपराधियों की सूची में शामिल है।
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक राम कुमार ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने शुक्रवार रात सुदामा उराव नाम के एक नक्सली को सोनभद्र जिले के जंगली इलाके विजयगढ़ से गिरफ्तार किया।
उराव पर सीबीआई और बिहार पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम रखा था। पुलिस ने गिरफ्तार नक्सली के पास से एक राइफल और कई कारतूस जब्त किए। वहीं उराव के तीन सहयोगी फरार होने में कामयाब रहे।
उराव बिहार का रहने वाला है। उस पर वर्ष 2002 में रोहतास जिले के वन अधिकारी संजय सिंह की हत्या करने का आरोप है।
कुमार ने बताया कि उराव के खिलाफ केवल बिहार में 20 से अधिक आपराधिक मामले लंबित हैं। उन्होंने कहा नक्सली की गिरफ्तारी के संबंध में बिहार सरकार और सीबीआई को सूचित कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
