मंदी की मार से घबराहट में लुढ़के भारतीय शेयर बाजार (साप्ताहिक समीक्षा)
मुंबई, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। वैश्विक मंदी की चिंताओं और बड़े पैमाने पर विदेशी निवेशकों द्वारा की गई बिकवाली के कारण साप्ताहिक कारोबार के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रमुख शेयर सूचकांक 'सेंसेक्स' में केवल एक दिन में ही 10 फीसदी की गिरावट आ गई।
विश्लेषकों का का मानना है कि आने वाले समय में भी बाजार का रुख ऐसा ही अस्थिर बना रहने वाला है और निकट भविष्य में इसके ऊपर जाने के बारे में कोई सकारात्मक संकेत नहीं हैं।
बंबई स्टाक एक्सचेंज का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'सेंसेक्स' सोमवार को बढ़त के साथ खुला था, परंतु शुक्रवार को सप्ताह के अंत में यह 1,274.8 अंकों (12.77 प्रतिशत) की गिरावट के साथ बंद हुआ।
सेंसेक्स में इस महीने 35 प्रतिशत और इस साल की शुरूआत के मुकाबले 53.65 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। 10 जनवरी को सेंसेक्स 21,206.77 पर था और अब यह 8,701.07 पर है।
शुक्रवार को बाजार में निराशा तब और बढ़ गई जब रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति की मध्यावधि समीक्षा में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया तथा वाणिज्यिक बैंकों के लिए नकद सुरक्षित अनुपात (सीआरआर) में यथास्थिति कायम रखी।
केवल शुक्रवार को ही सेंसेक्स में 1,07.63 अंकों (10.96 प्रतिशत) की गिरावट हुई।
शेयर बाजारों में गिरावट का एक अन्य प्रमुख कारण विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) द्वारा बड़े पैमाने पर की गई बिकवाली भी है। इस महीने एफआईआई ने 2.99 अरब डॉलर और इस कैलेंडर वर्ष में 12.115 अरब डॉलर की बिकवाली की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications
