दूसरी शादी के लिए की थी पत्नी व बच्चों की हत्या
बेंगलुरू, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना के एक पूर्व अधिकारी पर दूसरी शादी करने का कुछ ऐसा भूत सवार हुआ कि अपना रास्ता साफ करने के लिए उसने अपनी पत्नी व दो बच्चों को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने हरियाणा के मूल निवासी धरम सिंह यादव नाम के इस अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक धरम सिंह ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। वह पंजाब की एक अध्यापिका से शादी करना चाहता था।
यह घटना पिछले रविवार की है। बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त शंकर बिदारी ने बताया कि तकरीबन 40 वर्ष के धरम ने अपनी पत्नी अनू (35 वर्ष), बेटी कीर्ति (14 वर्ष) और पुत्र आदित्य (11 वर्ष) की गला रेतकर हत्या कर दी।
घटना के बाद धरम ने पुलिस से बताया था कि पिछले रविवार को वह सुबह ही रेल टिकट लेने स्टेशन गया था लेकिन जब वह वहां से लौटा तो उसने अपनी पत्नी और बच्चों को मृत पाया।
बिदारी ने बताया कि पोस्टमार्टम में इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि धरम ने अपने परिवार को अंतिम बार देखने का जो समय बताया था, हत्या उससे 12 घंटे पहले हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
