द्रविड़ को संन्यास ले लेना चाहिए : थोर्प
लंदन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्लॉग के जरिए सक्रिय रूप से अपने विचार व्यक्त करने वाले इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज ग्राहम थोर्प ने कहा है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को संन्यास ले लेना चाहिए।
खेल वेबसाइट 'यूरोस्पोर्ट डॉट कॉम' के ब्लॉग में अपने विचार रखते हुए थोर्प ने लिखा है, "द्रविड़ एक महान खिलाड़ी हैं लेकिन अब उन्हें संन्यास ले लेना चाहिए। मैं मानता हूं कि इतने वर्ष क्रिकेट में बिताने के बाद संन्यास का फैसला लेने में कठिनाई होगी लेकिन एक महान खिलाड़ी को सही समय पर यह फैसला ले लेना चाहिए।"
थोर्प ने लिखा है कि भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान और द्रविड़ के साथ टेस्ट करियर शुरू करने वाले सौरव गांगुली ने बिल्कुल सही समय पर संन्यास लेने का फैसला किया है और अब द्रविड़ को भी उनके रास्ते पर चलते हुए इसकी घोषणा कर देनी चाहिए।
बकौल थोर्प, "द्रविड़ इन दिनों रनों के लिए संघर्ष करते दिख रहे हैं। मैंने भी अपने करियर के आखिरी पड़ाव में यह दौर देखा था। हम द्रविड़ की क्षमता पर अंगुली नहीं उठा सकते लेकिन यह स्वीकार करना ही होगा कि उनकी बल्लेबाजी में अब वो बात नहीं रह गई है, जिसके कारण उनका सम्मान होता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
