हिंद्राफ के 10 कार्यकर्ताओं को हो सकती है 5 वर्ष की कैद
कुआलालंपुर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। मलेशिया में गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर इकट्ठा होने के कारण गिरफ्तार किए गए हिंदू राइट्स एक्शन फोर्स (हिंद्राफ) संगठन के 10 सदस्यों को दोषी सिद्ध होने पर पांच वर्ष की कैद हो सकती है।
हिंद्राफ के इन कार्यकर्ताओं को गुरुवार को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे अपने पांच नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अहमद बदावी को एक ज्ञापन सौंपने वाले थे।
गिरफ्तार किए गए 10 कार्यकर्ताओं की दीवाली से पहले रिहाई के लिए अपील की गई है। शुक्रवार को न्यायाधीश नुरदियाना मोहम्मद नाजीर की अदालत ने हिंद्राफ कार्यकर्ताओं को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
मलेशियाई समाचार पत्र 'द स्टार' के अनुसार गिरफ्तार की गई एक महिला मैरी लाउर्डस मधुमेह की मरीज है। शुक्रवार को अदालत में सुनवाई के दौरान इंसुलिन नहीं मिलने से वे बेहोश हो गई थी।
गौरतलब है कि हिंद्राफ नेताओं एम. मनोहरन, एस. केंगाधारफन, गानाबेतिराउ, बसंत कुमार और पी.उथय कुमार को आंतरिक सुरक्षा कानून (आईएसए) के तहत गिरफ्तार किया गया था। संगठन इन्हीं नेताओं को दीवाली से पूर्व रिहा करने की मांग कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
