परियों की कहानियों का बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव : रिचर्ड डॉकिंस
लंदन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। धार्मिक और परियों से संबंधी कहानियों का बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। यह कहना है लोकप्रिय विज्ञान लेखक रिचर्ड डॉकिंस का।
डॉकिंस का कहना है कि परियों से संबंधित कहानियों से बच्चों की तर्कशक्ति प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि 'अवैज्ञानिक' धार्मिक कथाओं के खिलाफ बच्चों को आगाह किया जाना चाहिए।
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डॉकिंस ने कहा है कि वे परियों की कहानियां और धार्मिक कथाओं के प्रभाव विषय पर शोध करने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा अगले वर्ष इस विषय पर वे एक पुस्तक भी प्रकाशित करेंगे।
ब्रिटिश समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' ने डॉकिंस के हवाले से इस संबंध में खबर प्रकाशित की है। उन्होंने परियों की कहानियों को विज्ञान विरोधी करार देते हुए कहा कि बच्चों पर इन कहानियों का हानिकारक प्रभाव पड़ता है।
अगले वर्ष प्रकाशित होने वाली पुस्तक के बारे में डॉकिंस ने कहा, "यह पुस्तक बच्चों के लिए होगी। इसमें यह बताया जाएगा कि विश्व, विज्ञान, धार्मिक विश्वास आदि के बारे में बच्चे क्या सोचते हैं। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
