अपने प्रदर्शन से खुश हैं जानसन
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक तरफ जहां आस्ट्रेलिया के दूसरे गेंदबाज अपने फार्म को लेकर चिंतित हैं वहीं दूसरी ओर मिशेल जानसन भारत के साथ खेली जा रही चार मैचों की टेस्ट श्रंखला के पहले दो मैचों में अपने प्रदर्शन से खुश हैं।
खेल वेबसाइट 'क्रिकइंफो' से विशेष बातचीत के दौरान जानसन ने कहा, "मोहाली टेस्ट की दूसरी पारी में मेरा प्रदर्शन ठीक नहीं रहा था लेकिन कुल मिलाकर मैं भारत में अपने प्रदर्शन से खुश हूं।"
जानसन ने दो मैचों में अब तक कुल आठ विकेट बटोरे हैं और वे भारत के ईशांत शर्मा और जहीर खान के बाद इस श्रंखला के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं।
अपनी सफलता के मंत्र के बारे में जानसन ने कहा, "भारतीय पिचों पर एक जैसी गेंदें फेंकने से विकेट नहीं मिल सकती। यहां विकेट पाने के लिए आपको अपनी गेंदों में विविधता लानी होती है। ऑफ कटर गेंदें यहां की धीमी पिचों पर कारगर नहीं होतीं लिहाजा विविधता ही सफलता का एकमात्र मूलमंत्र रह जाती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
