पाक के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शनिवार को भारत पहुंचेंगे
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) महमूद अली दुर्रानी शनिवार को पांच दिनों की भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंच रहे हैं।
दोनों देशों में बढ़ती आतंकवादी घटनाओं के मद्देनजर संभावना है कि दुर्रानी अपनी भारत यात्रा के दौरान दोनों मुल्कों के बीच बनी आतंकवाद विरोधी ढांचे की अगली बैठक की तारीख मुकर्रर करें।
आगामी सोमवार को वे देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डा. एम. के. नारायणन से भेंट करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि जुलाई महीने में दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तर की शुरू हुई वार्ता के पांचवें दौर की बातचीत की तिथि व उसकी रूपरेखा इस भेंट में तय की जाएगी।
नारायणन और दुर्रानी आतंकवाद विरोधी ढांचे की विशेष बैठक की तिथि भी इस दौरान तय करेंगे। काबुल में भारतीय दूतावास पर हुए आतंकवादी हमले में इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) की भूमिका के बारे में भी दोनों बातचीत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस बारे में पिछले माह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बीच न्यूयार्क में हुई मुलाकात के दौरान सहमति बनी थी।
वार्ता के दौरान सीमापार से लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं और संघर्षविराम के उल्लंघन के बारे में भी चर्चा होगी।
विदेश सचिव शिवशंकर मेनन के अलावा दुर्रानी का मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी से भी मिलने का कार्यक्रम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
