बेंगलुरू टेस्ट : आस्ट्रेलिया की पहली पारी 430 रन पर सिमटी (लीड-3)
बेंगलुरू, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज जहीर खान और इशांत शर्मा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्ट्रेलिया की पहली पारी 430 रनों पर समेट दी।
चायकाल तक आस्ट्रेलिया ने माइकल हसी (146) के शानदार शतक की बदौलत सात विकेट पर 416 रन बना लिए थे। हसी और ब्रेट ली (27) की बदौलत आस्ट्रेलिया विशाल स्कोर की ओर बढ़ता दिख रहा था लेकिन जहीर ने चायकाल के तुरंत बाद एक के बाद एक, तीन विकेट झटककर मेहमान टीम को 430 रन पर समेट दिया।
जहीर ने 91 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि इशांत ने 77 रन देकर अपने खाते में चार विकेट डाले। हरभजन सिंह को एक विकेट मिला जबकि कप्तान अनिल कुंबले अपना खाता भी नहीं खोल सके।
अपने करियर का नौवां शतक लगाने वाले हसी ने 276 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और एक छक्का लगाया। ली ने 61 गेंदों पर चार चौके लगाए। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 59 रन जोड़े।
पहले दिन के अपने स्कोर चार विकेट पर 254 रनों से आगे खेलते हुए आस्ट्रेलिया ने नए बल्लेबाज शेन वॉटसन (2) का विकेट जल्द ही गंवा दिया था। वॉटसन को इशांत ने बोल्ड किया। पहले सत्र में आस्ट्रेलिया ने वॉटसन के रूप में एकमात्र विकेट गंवाया था।
इसके बाद ब्रैड हेडिन (33) और हसी ने छठे विकेट के लिए 91 रनों की बहुमूल्य साझेदारी निभाई। दूसरे सत्र की शुरुआत के साथ ही इशांत ने हेडिन को भी चलता किया। हेडिन का विकेट 350 के कुल योग पर गिरा। कुल स्कोर में अभी 12 रन ही जुड़े थे कि इशांत ने पहला टेस्ट खेल रहे हरफनमौैला कैमरून व्हाइट (6) को हरभजन के हाथों कैच करा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
