पत्थर युद्ध में रावण की सेना पराजित
भोपाल, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले का एक गांव है कालादेव। यहां दशहरे पर न तो रावण वध होता है, न ही उसकी पूजा की जाती है। यहां रावण की सेना का राम की सेना से पत्थर युद्ध होने की परंपरा है, जिसमें राम की सेना को कोई चोट नहीं लगती लेकिन रावण की सेना मैदान छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। इस वर्ष कुछ ऐसा ही हुआ।
जिले के लटेरी तहसील में आने वाले इस गांव में वर्षो से दशहरे के मौके पर पत्थर युद्ध की परंपरा है। कालादेव गांव के लोग जहां राम की सेना बनते हैं, वहीं दूसरे स्थानों से आए लोग रावण की सेना का रूप लेते हैं। इस पत्थर युद्ध के लिए रस्सियों का एक जाल बनाया जाता है, जिसे गोफान कहते हैं और इस गोफान में पत्थर को फंसाकर विरोधी सेना को मारा जाता है।
कालादेव गांव के मुन्नीलाल शर्मा बताते हैं, "इस युद्ध में शामिल होने वाले लोग पत्थरों को अपने साथ लेकर आते हैं और दूसरों पर इसकी वर्षा करते हैं। इस युद्ध में महत्वपूर्ण बात यह है कि यहां कोई घायल नहीं होता न ही किसी को चोट आती है। बीच में एक स्तंभ बनाया जाता है, जिसे लोग छूने दौड़ते हैं और उसे छू कर वापस आ जाते हैं।
इस गांव में रावण की मूर्ति बनाई गई है, जिसे दशहरा के दिन आकर्षक तरीके से सजाया गया और रामलीला भी खेली गई। इस मौके पर न तो रावण का वध हुआ और न उसकी पूजा की गई। प्रदेश सरकार इस पत्थर युद्ध को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना चाहती है।
प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने इसे संस्कृति का प्रतीक बताया है और कहा कि उनकी कोशिश है कि इस आयोजन और स्थल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले। इसे ध्यान में रखकर प्रदेश सरकार पत्थर युद्ध स्थल को विशेष तौर पर विकसित कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
