बेंगलुरू टेस्ट : पोंटिंग के बाद हसी ने भी ठोका शतक (लीड-2)
बेंगलुरू, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत के साथ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज माइकल हसी ने अपने कप्तान रिकी पोंटिंग के नक्शे-कदम पर चलते हुए शानदार शतक जड़ा है।
हसी की 135 रनों की नाबाद पारी की बदौलत आस्ट्रेलियाई टीम ने भारतीय गेंदबाजों खासतौर पर स्पिनरों का माखौल उड़ाते हुए चायकाल तक सात विकेट पर 416 रन बना लिए हैं। ब्रेट ली 26 रन बनाकर खेल रहे हैं। हसी और ली के बीच आठवें विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
पहले दिन के अपने स्कोर चार विकेट पर 254 रनों से आगे खेलते हुए आस्ट्रेलिया ने नए बल्लेबाज शेन वॉटसन (2) का विकेट जल्द ही गंवा दिया। वॉटसन को इशांत शर्मा ने बोल्ड किया। पहले सत्र में आस्ट्रेलिया ने वॉटसन के रूप में एकमात्र विकेट गंवाया था।
इसके बाद ब्रैड हेडिन (33) और हसी ने छठे विकेट के लिए 91 रनों की बहुमूल्य साझेदारी निभाई। दूसरे सत्र की शुरुआत के साथ ही इशांत ने हेडिन को भी चलता किया। हेडिन का विकेट 350 के कुल योग पर गिरा। कुल स्कोर में अभी 12 रन ही जुड़े थे कि इशांत ने पहला टेस्ट खेल रहे हरफनमौैला कैमरून व्हाइट (6) को हरभजन सिंह के हाथों कैच करा दिया।
इस बीच हसी ने अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 188 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके लगाए। मैच के पहले दिन कप्तान रिकी पोंटिंग (123) के साथ तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़ने वाले हसी ने अपने करियर का नौवां शतक लगाया।
भारत की ओर से इशांत ने जहां चार विकेट झटके हैं वहीं जहीर खान के खाते में दो और हरभजन के खाते में एक विकेट गया है। कप्तान अनिल कुंबले अपना खाता भी नहीं खोल सके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
