मप्र में निवेशकों को जागरूक करने की मुहिम
भोपाल, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोपाल के रेजिडेंसी होटल में शनिवार शाम आम लोगों को कंपनियों के शेयरों का आकलन करने और उनके अधिकार बताने के उद्देश्य से एक दिवसीय 'तकनीकी जागरूकता कार्यक्रम' चलाया जाएगा।
कंपनी मामलों के मंत्रालय की ओर से गठित 'इंवेस्टर एज्यूकेशन एंड प्रोटक्शन फंड' के सहयोग से 'द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया' की भोपाल इकाई ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है। कार्यक्रम के निदेशक अरुण सभरवाल ने पत्रकारों से कहा, "आधी-अधूरी जानकारी की वजह से निवेशकों को अपना धन गंवाना पड़ता है। निवेशक अपने अधिकारों का संरक्षण कर सकें, इसी मकसद से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।"
इस कार्यक्रम में निवेश सलाहकार मनोज चतुर्वेदी और एचडीएफसी बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक साइरिल गोंजाल्विस मुख्य वक्ता होंगे। इस दौरान निवेशकों को प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) में निवेश करने तथा संबंधित अधिनियमों के तहत निवेश की स्थिति व उनके अधिकार, डीमैट एकाउंट खोलने, आवेदन पत्र भरने, शेयर दलाल तथा डिपॉजिट संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त निवेशकों की अन्य जिज्ञासाओं का भी समाधान किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
